नर्मदापुरम। लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस समेत दूसरी राजनैतिक पार्टी के नेता, कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना और जनहितैषी योजनाओं से प्रभावित होकर दूसरे दलों के नेता भाजपा शामिल हो रहे है। नर्मदापुरम में शुक्रवार रात को भी 200 से ज्यादा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।
रात 10.30 बजे ढोल-बाजे के साथ कांग्रेस के पूर्व पार्षद एवं एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष रहे सम्राट तिवारी ने अपने 100 समर्थकों के साथ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, प्रदेश उपाध्यक्ष संभागीय प्रभारी पंकज जोशी, जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल ने भाजपा का व भगवा गमछा पहनाकर भाजप की सदस्यता दिलाई।
इसी प्रकार कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे सत्येन्द्र फौजदार की धर्मपत्नी कांग्रेस नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता नीरजा फौजदार, उनके बेटे निशांत फौजदार समेत कई सामाजिक कार्यों से जुड़ी महिलाओं ने भाजपा की भाजपा का दामन थामा।
भजपा जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल ने बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का परिवार लगातार आगे बढ़ रहा है। इस परिवार में शामिल हुए सभी का बहुत-बहुत स्वागत है। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि एक परिवार है और इस परिवार में हम सभी मिलकर काम करेंगे। आज जिन कांग्रेस के लोगों ने पार्टी की सदस्यता लेकर हमारे परिवार की संख्या बढ़ाई है उनसे हमारी ताकत नर्मदापुरम में और बढ़ेगी। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि पार्टी में उन्हें सम्मान मिलेगा और लोकसभा का 2024 का चुनाव हम सब मिलकर भारी मतों से जीतेंगे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार कांग्रेस के सीनियर लीडर है। उनकी पत्नी नीरजा फौजदार भी कांग्रेस नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता है। विधानसभा चुनाव के दौरान नीरजा फौजदार के लिए टिकट की दावेदारी भी की गई थी। अब नीरजा फौजदार के भाजपा में शामिल होने के बाद एक ही घर में दो अलग-अलग पार्टी के लिए काम किए जाएंगे। पति सत्येंद्र फौजदार कांग्रेस और नीरजा फौजदार, बेटा निशांत फौजदार भाजपा के लिए काम करेंगे।