विदिशा। लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी और पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने गुरुवार को भोपाल से गंजबासौदा तक पैसेंजर ट्रेन में सफर किया और ट्रेन में सवार लोगों से बात की। उन्होंने कहा- मैं पांव-पांव वाला भी हूं, साइकिल वाला भी हूं, पैसेंजर वाला भी हूं। जहां जनता होती है, वहां मामा होता है। मैं लोगों से मिले प्यार और समर्थन के लिए आभारी हूं। मैं अपनी आखिरी सांस तक उनके लिए काम करूंगा।
कांग्रेस प्रत्याशियों की अब तक घोषणा नहीं होने पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने कहा- पराजय के भय से कोई लड़ने को तैयार नहीं है। मैं लोकतंत्र में इसे ठीक नहीं मानता कि एक पार्टी की ऐसी हालत हो जाए कि लोग चुनाव लड़ने को ही तैयार नहीं हैं, लेकिन ऐसी स्थिति है।
शिवराज - हम सब भारतीय जनता पार्टी के विनम्र कार्यकर्ता हैं। हमारी पार्टी जो काम देती है। वो हम लोग विनम्रता पूर्वक करते हैं। केंद्रीय नेतृत्व ने उम्मीदवार तय किए हैं। हमारे यहां कोई किसी का आदमी नहीं, सब पार्टी के कार्यकर्ता हैं।
पार्टी जिसे उपयुक्त समझती है उस कार्यकर्ता को चुनाव में उतारती है। इसका मतलब यह भी नहीं है कि दूसरे कार्यकर्ता योग्य नहीं है। कई बार समकक्ष, एक स्तर के कार्यकर्ता रहते हैं, एक को टिकट मिलता है बाकी को नहीं मिलता। टिकट भले एक को ही मिलता लेकिन सब मिलकर काम करते हैं।