नीमच। महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर सीएम राइज स्कूल में झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो (गरिमा प्रोजेक्ट) के तहत किशोरियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं को 100 सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत महावीर इंटरनेशनल की प्रार्थना से हुई। अध्यक्ष रजिया अहमद एवं डिप्टी डायरेक्टर (वूमेन एम्पावरमेंट) आशा सांभर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा चमड़िया तथा सीएम राइज स्कूल के उप प्राचार्य महेश शर्मा का स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने भी संस्था की अध्यक्ष रजिया अहमद एवं संस्थापक अध्यक्ष आशा सांभर का सम्मान किया।
डॉ. मनीषा चमड़िया ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाले शारीरिक बदलाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से झिझक छोड़कर अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपने प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया गया।
अंत में छात्राओं को 100 सेनेटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर ने किया तथा आशा सांभर ने आभार व्यक्त किया।