रतलाम। नामली के पास कांडरवासा फंटे पर रोड किनारे दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों दोस्त थे जो कि अपने एक अन्य दोस्त की बर्थडे पार्टी में गए थे। रात 3 तीन बजे पुलिस गश्त के दौरान दोनों के शव सड़क किनारे मिले, तब रात में शवों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। मृतक युवकों में एक सेमलिया व एक अमलेटा का रहने वाला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अमलेटा फंटा फोरलेन पर जाम लगा दिया है।
मृतक युवक का नाम केशव (28 ) पिता विष्णुराम निवासी सेमलिया और गजेंद्र उर्फ गज्जू (29) पिता पूनचंद डोडिया निवासी अमलेटा है। दोनों युवक गुरुवार रात बांगरोद में अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी कर बाइक क्रमांक एमपी 43 ईएल 1589 से लौट रहे थे। कांडरवासा फंटे से मेवासा की ओर जा रहे थे तभी बाइक डिवाइडर से टकराने की जानकारी सामने आई है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि दोनों की हत्या हुई है। घटनास्थल पर फारेंसिक अधिकारी अतुल मित्तल भी पहुंचे है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।
बाइक मिली क्षतिग्रस्त
घटना के दौरान दोनों के शवों की हालात खराब थी। परिजनों के अनुसार चोट के भी निशान है। बाइक भी केवल आगे से क्षतिग्रस्त हुई है। इनमें से एक मृतक युवक गजेंद्र की 22 अप्रैल को शादी थी। दोनों मृतक अवैध मादक पदार्थ एमडी खरीदने के मामले में गिरफ्तार किए गए सुनील सूर्या से जुडे़ हुए थे। कुछ माह पहले किसी अन्य ग्रुप से इनका विवाद भी हुआ था। हालांकि पुलिस हर बिंदू की जांच में जुट गई है।
फोरलेन पर लगाया जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और दोस्तों ने दोपहर 12.30 बजे अमलेटा फंटा इप्का फैक्ट्री के बाहर फोरलेन पर जाम लगा दिया है। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारे लग गई है। नामली थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान समझा रहे हैं, लेकिन परिजन एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए है।
फाइनेंस का काम करते थे
दोनों मृतक आपस में अच्छे दोस्त थे। दोनों मृतक फाइनेंस का काम करते थे। मृतक केशव के घर में पिता विष्णुराम का निधन हो चुका है। घर में केवल मां है। वहीं मृतक गजेंद्र के घर में पिता पूनचंद, मां रेखा बाई व बड़ा भाई राकेश है।