नीमच। शहर की स्कीम नंबर 36 ए में बुलडोजर चलाकर आज नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बताते चलें कि इंडस्ट्रीज एरिया के फैक्ट्री संचालकों द्वारा स्कीम नंबर 36 ए की सीमा में स्प्रिंग वुड स्कूल से आगे लाइन में चबूतरे बनाकर अतिक्रमण कर दिया गया था। जिससे आवागमन में भी बाधा पहुंच रही थी। आम नागरिक के साथ-साथ विद्यार्थियों का भी आना-जाना रहता है। कॉलोनीवासियों को भी अतिक्रमण को लेकर आपत्ति थी। इस बारे में विगत 8 माह से जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी की जा रही थी। शिकायत के बाद नगरपालिका द्वारा अतिक्रमणकर्ताओं को सूचना पत्र भी जारी किए गए थे। लेकिन कोई जवाब ना मिलने के बाद आज नगर पालिका महकमा स्कीम नंबर 36 ए में जेसीबी लेकर पहुंचा। पुलिस बल भी इस दौरान मौजूद रहा।अतिक्रमणकर्ताओं ने इस मौके पर नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों से विवाद भी किया।