नीमच। नगर पालिका के हाट मैदान की दुकानों के आवंटन का मामला लगातार चर्चाओं में है। जमीन घोटालों के साथ साथ हाट मैदान की दुकानों को लेकर भी कई तरह के आरोप सामने आ रहे हैं। नगर पालिका के पार्षद और एडवोकेट राजेश लालवानी का कहना है कि नगर पालिका नीमच एक और घोटाले की तैयारी में जुट गई है। पुराने हाट मैदान में निर्मित दुकानों को पिछले दरवाजे से आवंटन करने की तैयारी की जा रही है। दुकान क्रमांक 16 और 17 जिसका आवंटन पूर्व में हो गया था और समस्त राशि जमा होने के उपरांत मालिको से दुकान खाली करवाकर पुनः दुकान आवंटन में शामिल किया गया है। फिर उनसे तोड़ बट्टा करके चाबी वापस दे दी गई। इसी प्रकार परिषद के संकल्प दिनांक 16 जनवरी 23 को दुकान क्रमांक 29,30,31 के निरस्त होने के बाद भी दुकानों का प्रस्ताव दिनांक 29 जनवरी 2024 में शामिल नही किया गया। लालवानी का कहना है कि नगर पालिका के कर्मचारी अपना हित साधकर उक्त दुकानों को पीछे के दरवाजे देने की तेयारी कर रहे हैं।