सिंगोली। तहसील क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। बीती रात तेंदुए ने ग्राम अरनिया स्थित मेंडकेश्वर गौशाला में एक बैल को शिकार बनाया है। जबकि इससे पूर्व उसने ग्राम चक सोड़ीजर में खेत पर बंधी एक गाय को मार डाला था। शनिवार सुबह वन कर्मी सदाशिव धाकड़ ने बताया कि बीते दो दिनों से मालादेवी से अरनिया के बीच ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत फैली हुई है।
बीती रात तेंदुए ने ग्राम अरनिया स्थित मेंडकेश्वर गौशाला में दीवार फांदकर एक बैल को शिकार बना लिया, जबकि इससे पूर्व उसने ग्राम चक सोड़ीजर स्थित भेरूसिंह राजपूत के खेत पर बंधी एक गाय को मार डाला था।
ग्रामीणों की सूचना और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार वनकर्मियो ने घटना स्थल पहुंचकर पंचनामा और मौका कार्रवाई कर मुआवजा प्रकरण तैयार किया है।
वनकर्मियों के मुताबिक तेंदुए इत्यादि हिंसक जीव अक्सर गर्मी के दिनों में पानी की तलाश में भटकते है। ऐसे में मवेशियों की गंध का अहसास होने पर वे गांव के नजदीक पहुंच कर उन पर हमला करते है। वनकर्मी सदाशिव धाकड़ ने बताया कि फिलहाल मालादेवी से अरनिया रेंज के बीच हिंसक जीवों के द्वारा इंसानों पर हमले की कोई घटना नहीं हुई है। बावजूद समय समय पर ग्रामीणों को रात के समय अधिक सुरक्षित रहने की सलाह दी जाती है।