खरगोन। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 13 मई को लोकसभा क्षेत्र क्रमांक-27 खरगोन-बड़वानी एवं लोकसभा क्षेत्र क्रमांक-28 खण्डवा से प्रतिनिधि के निर्वाचन के लिए मतदान कराया जाएगा। जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। इसी कड़ी में 22 मार्च को कलेक्ट्रेट कार्यालय खरगोन के एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईव्हीएम का प्रथम रेंडमाईजेशन किया गया।
ईव्हीएम के प्रथम रेंडमाईजेशन से विधानसभा क्षेत्र के लिए कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं व्हीव्हीपैट मशीन का आबंटन हो गया है। रेंडमाईजेशन के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मवीर शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेएस बघेल, अपर कलेक्टर रेखा राठौर, संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी, एसडीएम भास्कर गाचले, डिप्टी कलेक्टर सत्येन्द्र बेरवा, पूर्वा मण्डलोई, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दिनेश पटेल, भारतीय जनता पार्टी के मोहन राठौड़, कम्यूनिस्ट पार्टी आप इंडिया (मार्क्सं) के वासुदेव विश्नोले एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेन्द्र पाटीदार द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर द्वारा ऑनलाइन ईव्हीएम का प्रथम रेंडमाईजेशन किया गया। इसके द्वारा जिले के 06 विधानसभा क्षेत्रों के 1541 मतदान केन्द्रों के लिए 1932 कंट्रोल यूनिट, 1932 बैलेट यूनिट तथा 2082 व्हीव्हीपैट मशीन आबंटित की गई है। ईव्हीएम के प्रथम रेंडमाईजेशन से यह तय हो गया है कि किस क्रमांक की कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट तथा व्हीव्हीपैट मशीन किस विधानसभा क्षेत्र में जाएगी।
प्रथम रेंडमाईजेशन के पश्चात विधानसभा क्षेत्र के लिए आबंटित क्रमांक की ईव्हीएम को अलग कर उन्हें पीजी कॉलेज खरगोन में बनाएं गए स्ट्रांग रूम में स्थानातंरित कर दिया जाएगा। रेंडमाईजेशन के बाद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मवीर शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईव्हीएम वेयर हाउस को खोला गया है। वेयर हाउस में विधानसभा क्षेत्र के लिए आबंटित मशीनों को अलग-अलग बक्सों में रखा जाएगा।