गुना। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रथम कौशिक के मार्गदर्शन में जिले मतदाताओं को जागरूक करने एवं मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिये स्वीप गतिविधिया जारी है। इसी क्रम में स्वीप गतिविधि अंतर्गत राघौगढ़ क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आंगनबाडी़ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास राघौगढ़ ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर राघौगढ़ एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राघौगढ़ के सहयोग से महिला बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मतदाता जागरूकता एक दिवसीय प्रशिक्षण साडा़ कालोनी राघोगढ़ में आयोजित किया गया।
परियोजना अधिकारी संतोष अलावा द्वारा बताया गया की अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में शत-प्रतिशत मतदान करवाने के लिये स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, शिक्षक के सहयोग से मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करें। रैलियों का आयोजन, मानव श्रृंखला बनाना, मतदाता जागरूकता रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन करना, घर-घर जाकर मतदाताओं को समझाईश देना विशेषकर महिला मतदाताओं को, साथ ही इस तरह की आयोजित गतिविधियों को सोशल मीडिया पर भी डाला जाकर लाईक एवं ट्वीट किया जाये।