आलोट। लोकसभा 2024 के चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी की है। घटिया विधानसभा से विधायक महेश परमार को पार्टी ने उज्जैन लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने उज्जैन लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया को मैदान में उतारा है।
आलोट में परमार के लिए चुनौती
लोकसभा प्रत्याशी महेश परमार आलोट विधानसभा क्षेत्र में खासी चुनौती नजर आ रही है। इस विधानसभा से बड़े नेता रहे प्रेमचंद गुड्डू को पार्टी ने दरकिनार कर रखा है। गुड्डू ने आलोट से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। गुड्डू आलोट विधानसभा से पूर्व में एक बार विधायक रह चुके हैं, तो वहीं उज्जैन लोकसभा संसदीय क्षेत्र से 2009 में सांसद भी बने थे।
पूर्व विधायक चावला भी भाजपा में शामिल हो गए
आलोट विधानसभा से विधायक रहे पूर्व विधायक मनोज चावला एक दिन पूर्व 23 मार्च को भाजपा में शामिल हो गए। चावल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की खासियत करीबी माने जाते थे। चावला की आलोट विधानसभा में आम व्यक्ति के बीच में खासी पकड़ थी।
पीसीसी सदस्य पालीवाल भी बीजेपी में चले गए
18 मार्च आलोट विधानसभा के नेता संतोष पालीवाल ने ताल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश सिंह मेलूखेड़ी,बडावड़ा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गा लाल अटोलिया सहित 64 कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा जॉइन कर ली। इन सभी कांग्रेस नेताओं को भोपाल में मुख्यमंत्री ने भाजपा की सदस्यता दिलवाई।
सोलंकी की सक्रियता जावरा विधानसभा में
आलोट विधानसभा से कई बड़े पदों पर रहे कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह सोलंकी की सक्रियता जावरा विधानसभा में है। सोलंकी ने हाल ही में जावरा विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। 2020 पहले सोलंकी आलोट विधानसभा में ही सक्रिय थे, वे आलोट से जिला पंचायत सदस्य, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सहित कई पदों पर रहे हैं।
13 मई को उज्जैन लोकसभा का चुनाव होगा। ऐसे में आलोट विधानसभा से कांग्रेस बिखरी हुई नजर आ रही है। सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कार्यकर्ताओं की कमी को पूरा करना लोकसभा प्रत्याशी परमार के लिए बड़ी चुनौती रहेगी।