रतलाम। होली और धुलेंडी त्यौहार पर कानून व्यवस्था में जुटे रहने वाले पुलिसकर्मियों ने मंगलवार को होली का त्यौहार मनाया। सभी थाना क्षेत्रों पर पुलिसकर्मियों के साथ अधिकारियों ने रंग गुलाल लगाकर होली का जश्न मनाया। ढोल की थाप पर पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेलते हुए डांस भी किया।
एसपी राहुल कुमार लोढ़ा, एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी अभिनव वारंगे ने पुलिसकर्मियों के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली का त्यौहार मनाया। आमतौर पर होली के त्यौहार पर कानून व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी त्यौहार नहीं मना पाते हैं लेकिन होली और धुलेंडी के अगले दिन पुलिस महकमे में होली मनाने की पुरानी परंपरा है। जिसमें पुलिसकर्मी और अधिकारी एक साथ होली मनाते हैं।
जिले के थाना क्षेत्रों और पुलिस लाइन में भी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने होली का जश्न मनाया। सभी ढोल-ढमाकों के साथ पुलिस लाइन से एसपी के बंगले पहुंचे। फिर सभी ने साथ मिलकर होली का त्यौहार मनाया।