नीमच। शहर में आज पुलिस विभाग ने रंग रंगीले त्योहार होली का जमकर जश्न मनाया। कल शहर में अमन चैन से खेली गई धूलंडी के बाद आज पुलिस ने होली खेली। जिले के पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मी होली के उत्सव में डूबे रहे।
इस दौरान पुलिस कप्तान अंकित जायसवाल बुलेट मोटरसाइकिल पर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया के साथ गुलाल और अबीर में रंगे हुए पुलिस के अधिकारियों और जवानों के साथ होली की मस्ती के अंदाज में दिखाई दिए। पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों ने थानों पर एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
आज इस अवसर पर पुलिस विभाग के जवान और अधिकारियों के साथ एसपी अंकित जायसवाल पुलिस लाइन से कैंट थाने पर मोटरसाइकिल का काफिला लेकर पहुंचे। यहां से पूरा पुलिस विभाग रंग गुलाल में भीगा हुआ शहर के मुख्य मार्गों पर मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला। पुलिस लाइन में होली के मौके पर कलेक्टर दिनेश जैन और सीईओ गुरु प्रसाद भी मौजूद रहे।
होली के रंगारंग उत्सव में सीएसपी अभिषेक रंजन,आर आई विक्रम सिंह भदोरिया, थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उमेश यादव, स्टेनो भानु प्रताप राठौड़, शिशुपाल सिंह गौड़ आदि अधिकारियों भी रंगो उत्सव के खास मौके पर शामिल रहे। बताते चले की कल शहर में होली का उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया गया। कल धूलंडी के अवसर पर पुलिस की शहर में चाकचौबंद व्यवस्थाएं रही थी।