खरगोन। शहर के माली समाज से जुड़े एक परिवार ने होली पर सामाजिक बहिष्कार से आहत होकर पुलिस और प्रशासन से मामले की शिकायत कर हस्तक्षेप की मांग की है।
जैतापुर पुलिस चौकी सहित एसडीएम कार्यालय पहुंचकर परिवार सहित शिकायत करते हुए रुकमणी बाई एवं उनके पुत्र किशोर ने बताया कि वह कुशवाह धर्मशाला जैतापुर क्षेत्र में निवासरत है। सामाजिक रुप से बुरहानपुर दरवाजा माली पंच के सदस्य है। हाल ही में 12 मार्च को मेरी पुत्री का विवाह रीति- रिवाज से हुआ था, जिसमें माली पंच के भाई भी शामिल हुए थे। हमारी समाज में परंपरा रही है कि सुख हो या दुख हो समाज के लोग होली पर एक दूसरे के घर रंग लगाने जाते है। चुंकि मेरे घर बेटी का विवाह हुआ था तो खुशी का रंग लगाने समाजजन को आना था, हम शाम तक इंतजार करते रहे। किशोर ने 5 लोगों की नामजद शिकायत करते हुए कहा कि यह लोग समाज के पंच होकर हमारे घर रंग डालने नही आए और समाज के अन्य लोगों को भी हमसे व्यवहार न करने के लिए बाध्य कर रहे है, जिससे में और मेरा परिवार मानसिक और सामाजिक रुप से परेशान हो रहा है। किशोर ने समाज में हो रहे जातिगत भेदभाव दुर करने के लिए पुलिस और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।