बालाघाट। बुधवार को नामांकन जमा करने के अंतिम दिन पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने बसपा प्रदेशाध्यक्ष इंजी. रमाकांत पीपल, जिलाध्यक्ष इंजी. महेन्द्र सहित अन्य बसपा नेताओं की मौजूदगी में नामांकन जमा किया।
इससे पूर्व निज-निवास से पैदल रैली के साथ सर्किट हाउस मार्ग होते हुए उन्होंने नामांकन रैली निकाली। जिसमें बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के अलावा मुंजारे समर्थक भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम जनता के बीच महिला अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई और विकास के मुद्दों के साथ जाएंगे। बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में कोई टक्कर में नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और तीन विधायक दिल्ली, कांग्रेस के प्रत्याशी को बदलने की मांग को लेकर गए थे। अब वह किस तरह से प्रत्याशी के लिए वोट मांगेगे।
बालाघाट संसदीय क्षेत्र में हास्य कलाकार देव पंवार उर्फ धनेन्द्र शरणागत ने बैलगाड़ी से अपनी नामांकन रैली निकाली और शहर में लोगों का अभिवाद किया। वह भी बेरोजगारी और विकास के मुद्दे को लेकर इस चुनाव मैदान में उतरे है। इस दौरान बनवारी काका के साथ उनका साथी हास्य कलाकार बांगा भी मौजूद था।