जबलपुर। होली के दिन वर्दी में डांस करने पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार सक्सेना के प्रतिवेदन पर आबकारी आयुक्त ने कार्रवाई की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने प्रतिवेदन में कहा कि अधिकारी ने पद की गरिमा को धूमिल करने का काम किया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
होली के दिन जबलपुर में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी विकास त्रिपाठी ने कुछ लोगों के साथ डांस किया था। वे करमेता स्थित विदेशी मदिरा भंडारगार में पदस्थ हैं। उनके डांस का वीडियो सामने आने पर जांच की गई। शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
आबकारी आयुक्त ने कार्यालय परिसर अथवा अन्य स्थल पर यूनिफॉर्म में डांस करने को राजपत्रित अधिकारी का पद धारण करने वाले अधिकारी के लिए अशिष्टतापूर्ण, अशोभनीय एवं पदीय दायित्वों के विपरीत माना है। निलंबन अवधि में सहायक जिला आबकारी विकास त्रिपाठी का मुख्यालय कार्यालय उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता संभाग रीवा में किया गया है।