भोपाल। चुनावी माहौल के बीच रंगों का त्योहार भी है। ऐसे में राजनेता भी कुछ अलग रंग में नजर आए। मुख्यमंत्री मोहन यादव इंदौर की गेर में पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा जिले में ग्रामीणों के बीच बैठकर मंजीरे बजाते दिखे। दिग्विजय सिंह भी भोपाल में हिंदू उत्सव समिति के रंगपंचमी के जुलूस में शामिल हुए।
डॉ. मोहन यादव शनिवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ इंदौर की ऐतिहासिक गेर में पहुंचे। यादव ने कहा, यह त्योहार परस्पर प्रेम बढ़ाने वाला है। होली से लेकर पंचमी तक मालवा में हर दिन आनंद के साथ मनाया जाता है।
शिवराज के भजन...
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान विदिशा और सांची के सलामतपुर और बेसर गांव में होली मिलन समारोह और रंग पंचमी में शामिल हुए। शिवराज ने लोगों के बीच जमीन पर बैठकर मंजीरा बजाया, फाग के गीत और भजन गाए।
पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को भोपाल में हिंदू उत्सव समिति के रंग पंचमी के चल समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पीरगेट पर कर्फ्यू वाली माता मंदिर में पूजा की। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी उनके साथ थे।