भोपाल। मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के बेटे अभिज्ञान नरेंद्र पटेल ने भोपाल के गुलमोहर इलाके में एक दंपती से मारपीट कर दी। घटना शाहपुरा में शनिवार रात की है। मामला शाहपुरा थाने पहुंचा। यहां भी अभिज्ञान ने पुलिसकर्मियों के साथ विवाद किया।
रात करीब 10ः 30 बजे राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। इसके बाद 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। जिन लोगों के साथ मारपीट हुई है, उनका देर रात मेडिकल कराया गया। अभी मामले की जांच जारी है। शाहपुरा थाने के टीआई रघुनाथ सिंह के मुताबिक दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। अभिज्ञान मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का बेटा है। विवाद के बाद मंत्री भी थाने आ गए थे। दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है।
सिग्नल पर गाड़ी रोकने पर शुरू हुआ विवाद
शाहपुरा पुलिस के मुताबिक, राज्यमंत्री पटेल का बेटा अभिज्ञान पटेल त्रिलंगा इलाके में घूम रहा था। ट्रैफिक सिग्नल के पास गाड़ी रुकने पर मीडियाकर्मी विवेक सिंह से उनका विवाद हो गया। अभिज्ञान और उसके साथ मौजूद लड़कों ने विवेक के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देख वहां मेन रोड पर मौजूद एक रेस्टोरेंट संचालक डेनिस मार्टिन उर्फ सोनू अपनी पत्नी के साथ बाहर निकले और बीच बचाव करने लगे। इस पर अभिज्ञान और उनके समर्थकों ने सोनू और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इसमें सोनू के सिर पर चोटें आई हैं।
मारपीट की शिकायत करने सोनू अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचे तो पीछे-पीछे अभिज्ञान भी पहुंच गया। थाने में उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस ने उन्हें शांत रहने को कहा तो अभिज्ञान स्टाफ से उलझ गया। झगड़े में अभिज्ञान को भी चोट आई है।
मंत्री समर्थकों ने पुलिस पर लगाए आरोप
पुलिसकर्मियों ने अभिज्ञान और उसके दोस्तों के साथ सख्ती करते हुए फटकार लगा दी। इस बात की जानकारी लगते ही मंत्री पटेल अपने समर्थकों और पार्षदों के साथ शाहपुरा थाने पहुंच गए। नाराज मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने आला अधिकारियों से पुलिस के रवैये की शिकायत की। पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मंत्री समर्थकों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने अभिज्ञान और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की।
रेस्टोरेंट संचालक के सिर में रॉड मारी
रेस्टोरेंट संचालक सोनू मार्टिन की पत्नी आलिशा ने बताया, मारपीट होते देख मैं बीच बचाव करने पहुंची। मुझ पर हमला होता देख पति भी आ गए। अभिज्ञान और उसके साथियों ने उनके सिर में रॉड मार दी। मारपीट के समय सफेद कुर्ता पायजामा पहना अभिज्ञान जोर से चिल्लाते हुए बोल रहा था कि मेरे पिता मंत्री हैं, मेरा क्या बिगाड़ लेगी। उसके साथ लड़कियां भी कार में सवार थीं। सभी बाद में देख लेने की धमकी भी दे रहे थे।
शाहपुरा थाने में भी हुआ हंगामा
शाहपुरा थाने में भी मंत्री के बेटे ने आलिशा से अभद्रता की। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की। जब नहीं माना तो पुलिस ने सख्ती करते हुए अभिज्ञान और उसके साथियों को थाने से बाहर कर दिया। रात करीब 1ः 25 बजे मामले में पहली थ्प्त् आलिशा की शिकायत पर दर्ज की गई।
दूसरे पक्ष के लोगों को भी आई चोट
अभिज्ञान व उसके साथियों ने थाने में बताया कि आलिशा के पति डेनिस और उनके कर्मचारियों ने भी मारपीट की है। इससे दो लोगों को चोट आई है, इन दोनों का भी मेडिकल कराया गया है। पुलिस का कहना है कि उनकी शिकायत पर भी कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित महिला आलिशा की एफआईआर
30 मार्च रात 8.00 बजे की बात है। मैं अपने रेस्टोरेंट में थी। मैंने देखा कुछ लोग एक लड़के की पिटाई कर रहे हैं। मैंने चिल्लाकर पूछा कि क्यों मार रहे हो। उन लड़कों में से दो ने मुझे गाली दी और झूमा-झटकी की। एक लड़का कहने लगा- मैं मंत्री का बेटा हूं। अभिज्ञान पटेल नाम है मेरा, तू मेरा क्या बिगाड़ लेगी। तेरा रेस्टोरेंट तोड़ देंगे। तुझे गायब कर देंगे। उसने मेरे सिर पर रॉ़ड मारी। मेरा चश्मा टूट गया।
मेरे पति बचाने आए तो उसने व उसके साथ के लड़कों ने पति के भी सिर पर गमला और रॉड मार दी। हमें बचाने रेस्टोरेंट कर्मचारी सीताराम आए। लड़कों ने उन्हें भी मारा। इसके बाद हम थाने आए। हमारे पीछे वो लोग भी आ गए। सभी लड़के धमकी देने लगे। वो कह रहे थे- हम देख लेंगे, कैसे रेस्टोरेंट चलाती हो।