चित्तौड़गढ़। लोकसभा आम चुनाव 2024 में नामांकन के तीसरे दिन शनिवार को चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र से 02 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि शनिवार को चित्तौड़गढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में 02 अभ्यर्थियों राइट टू रिकॉल पार्टी से महावीर प्रसाद और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गजेंद्र द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। इस प्रकार अब तक कुल 03 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन दाखिल किया जा चुका है।
जमानत राशि 25 हज़ार, एसटी एससी के लिए 12 हजार 500 रुपए-
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के अंतर्गत राजस्थान लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए नामांकन दाखिल करते समय सामान्य अभ्यर्थी को 25 हजार रुपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी को 12 हजार 500 रुपये जमानत राशि जमा करना होगा।
नामांकन के समय यह पालना करनी होगी-
नामांकन भरने पहुंचे अभ्यर्थी के साथ 4 व्यक्ति सहित कुल 5 व्यक्ति ही रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) के कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। नामांकन भरने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी जो दोपहर 3 बजे तक चलेगी। दोपहर 3 बजे के उपरांत कक्ष में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश करने या दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ये दस्तावेज संलग्न करने आवश्यक-
अभ्यर्थियों को नामांकन के समय सभी सुसंगत एवं आवश्यक दस्तावेज जैसे जमानत राशि का प्रमाण, प्रारूप-ए एवं बी, शपथ-पत्र आदि के साथ आना होगा। यदि अभ्यर्थी उसी निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचक नहीं है, जहां से वह चुनाव लड़ रहा है, तो अभ्यर्थी को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली की प्रति या निर्वाचक नामावली से संबंधित भाग की प्रमाणित प्रति दाखिल करनी होगी। एक अभ्यर्थी एक ही निर्वाचन क्षेत्र के लिए 4 नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है एवं अधिकतम 2 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ सकता है।