सागर। शहर के सदर इलाके में शनिवार देर रात दो पक्षों में विवाद हो गया। धार्मिक गाना बजाने पर ई-रिक्शा चालक और उसके साथी पर एक समुदाय की भीड़ ने हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भीड़ में से एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों पक्षों में पथराव हुआ। वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
घटना रात 10.15 बजे सदर के 12 मुहाल की है। नरयावली से भाजपा विधायक प्रदीप लारिया और हिंदू संगठन के नेता कपिल स्वामी का आरोप है कि घरों से पत्थर फेंके गए, तलवार लहराई गईं।
शहर के चारों थानों से पुलिस वज्र वाहन के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने 10 से 12 राउंड आंसू गैस के गोले दागे और लाठियां भांजीं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर देर रात तक मौजूद थे। स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने 15 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कैंट थाने के सामने प्रदर्शन
मौके पर पुलिस बल तैनात होने के बाद शहर के भाजपा, कांग्रेस नेता और हिंदू संगठन से जुड़े लोग कैंट थाने पहुंचे। ई-रिक्शा चालक और युवक पर चाकू से हमला और पथराव करने वाले आरोपियों के खिलाफ एफआईआर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े रहे। थाने के सामने मेन रोड पर बैठकर प्रदर्शन किया। घायलों ने हमला करने वालों में इजाद, गुड्डू, नानू, अब्बू अन्य के नाम पुलिस को बताए हैं।
हमने गाना बंद कर दिया, लेकिन कुछ लोग पकड़कर ले गए और मारपीट की
घायल 27 वर्षीय ई-रिक्शा चालक राहुल राठौर ने बताया, श्मैं और मेरा साथी सौरभ कपालिया सदर के 12 मुहाल से राम जी का गाना बजाते हुए जा रहे थे। वहां मौजूद वर्ग विशेष के लोगों ने रोका तो हम लोगों ने गाना बंद कर दिया। इन्हीं में से कुछ लोग मुझे पकड़कर ले गए। 100 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। मैं जान बचाकर भागा। सौरभ को भी पीटा। पत्थर पटक कर मेरा रिक्शा भी चौपट कर दिया। 12 मुहाल में फूल माला की दुकान लगाने वाले गुड्डू माली पर घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया। उन्हें सीने पर चाकू लगा है। हालत खतरे से बाहर है।