नीमच। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले नीमच जिले के मनासा में बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। 01 से 07 अप्रैल तक आयोजित होने वाली ख्यातनाम कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा को लेकर आज रविवार को दिनभर प्रशासनिक अधिकारियों का आना-जाना लगा रहा। कलेक्टर दिनेश जैन व एसपी अंकित जायसवाल सहित कई अधिकारियों ने कथा पांडाल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयोजनकर्ताओं को भक्तों की सुविधा को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
आपकों बता दें कि मनासा में कचेलिया देवड़ा परिवार द्वारा शहीदों के नाम 1 से 07 अप्रैल तक विश्व विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन करवाया जा रहा है। आयोजनकर्ताओं ने मनासा के अक्षत नगर में 24 बीघा खेत में भव्य पांडाल का निर्माण किया है। पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के लिए लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। आयोजनकर्ताओं की मानें तो पांडाल में भक्तों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की गई है। वहीं पीने के पानी सहित पंखे-कूलर व अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। आज दोपहर में 03 बजे कृषि उपज मंडी के गेट से भव्य कलश यात्रा निकलेगी।