उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय में 28वाँ दीक्षांत समारोह 9 अप्रैल को गुड़ीपड़वा के पर्व पर आयोजित होगा। दीक्षांत समारोह के गरिमामय आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समारोह में उपाधि व मेडल लेने दीक्षार्थी और अतिथि पारम्परिक परिधान में सम्मिलित होंगे।
विक्रम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह का आयोजन चौत्र शुक्ल प्रतिपदा, गुड़ी पड़वा 9 अप्रैल को सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में होगा। दीक्षांत समारोह में वर्ष 2023 के पीएच डी उपाधि धारकों को डिग्री और 2023 की स्नातक परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2023 की स्नातकोत्तर परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने के लिए पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराने की अंतिम तिथि 5 अप्रैल है। समारोह में सम्मिलित होने की अर्हता रखने विद्यार्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। दीक्षांत समारोह के लिए कुलपति के अनुमोदन से विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
उपाधि व मेडल वाले विद्यार्थियों की संख्या 251
दीक्षान्त समारोह के अवसर पर उपाधि एवं गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों की संख्या कुल 251 हैं, इनमें पीएच.डी. उपाधि प्राप्तकर्ता विद्यार्थियों की संख्या 128, स्नातक एवं स्नातकोत्तर गोल्ड मेडल प्राप्तकर्ता विद्यार्थियों की संख्या 123 है। कुलसचिव डॉ. शर्मा ने बताया कि दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास एक दिन पहले 8 अप्रैल को दो बार प्रातरू 10 बजे एवं दोपहर 3रू30 बजे किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के लिए निर्धारित वेशभूषा
दीक्षांत समारोह में प्रतिभागी विद्याार्थियों से निर्धारित पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है। इसके अंतर्गत छात्राओं के लिए ऑफ व्हाईट या क्रीम रंग की साड़ी अथवा सलवार सूट तथा छात्रों के लिए ऑफ व्हाईट या क्रीम रंग का कुर्ता - पायजामा निर्धारित है। इसके अतिरिक्त समस्त विद्याार्थियों को पीली पगड़ी, गोल्डन ब्राउन जैकेट, डी. लिट, पीएच. डी. विद्यार्थियों को क्रीम रंग का उत्तरीय, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को लेमन यलो रंग का उत्तरीय तथा स्नातक विद्यार्थियों को ऑरेंज रंग का उत्तरीय धारण करना होगा। दीक्षांत समारोह में परिधान के लिए खादी या अन्य हथकरघा कपड़े का उपयोग करने का अनुरोध विश्वविद्यालय प्रशासन ने किया है।