इंदौर। शहर की परंपराओं को जीवित रखते हुए इस वर्ष भी संगम कार्नर संस्था सृजन की समरसता रंगारंग गेर रंगपंचमी पर शनिवार को निकली। राजबाड़ा पर गुलाल से नवरंग, पानी और गुलाल की मिसाइलों से तिरंगा बनाया। इस बार भी रंगपंचमी पर खूब रंग-गुलाल उड़ा और शहर की जनता रंग-गुलाल से सरोबार हुई। गेर में स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। गेर में दो किमी लंबा कारवां रहा। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित अन्य सम्मिलित हुए। वैश्य समाज की दो सौ महिलाएं और पटियाला से आए सिख समाजजन भांगड़ा करते हुए सम्मिलित हुए।
राजबाड़ा पर मिसाइलों से बनाया तिरंगा
संस्था सृजन अध्यक्ष कमलेश खंडेलवाल, महेश दलोद्रा, संयोजक गोविन्द गोयल पूर्व पार्षद तनुजा खंडेलवाल ने बताया कि संस्था सृजन द्वारा निकाली जा रही संगम कार्नर चल समारोह समिति की परंपरागत समरसता गेर का यह 70वां वर्ष था। इस बार गेर का प्रमुख आकर्षण बरसाना की टीम लट्ठमार होली, भगवान राधा-कृष्ण की जोड़ी का रासरंग, बांके बिहारी का ढोल रहा। खंडेलवाल ने बताया कि देशभक्ति ओर सद्भावना से ओतप्रोत युवाओं की टोली देशभक्ति के तरानों पर भांगड़ा करती हुए चली। पिछली बार जिस तरह गेर ने राजबाड़ा पर सतरंगी रंगों से पूरा आसमान सराबोर कर दिया था, उसी तरह इस बार भी राजबाड़ा पर मिसाइलों से तिरंगा और कई तरह के रंगों से आसमान सतरंगी किया।
युवा देशभक्ति के तरानों पर नाचते चले
खंडेलवाल ने बताया कि गेर में जहां एक तरफ डीजे की धुन पर युवा देशभक्ति के तरानों पर नाचते चले, वहीं दूसरी ओर पानी की मिसाइल द्वारा 200 फिट ऊपर तक जनता को भिगोया। 8 हजार किलो टेसू के रंग से बने गुलाल द्वारा शहर के हृदयस्थल राजबाड़ा पर पानी और गुलाल की मिसाइलों से तिरंगा बनाया गया। पृथ्वी मिसाइल द्वारा जनता का घरों तक सुगंधित गुलाल से स्वागत किया, वही दूसरी ओर अग्नि मिसाइल द्वारा जनता को गुलाब की फूल-पंखुड़ियों से स्वागत किया। वही बरसाना से आई टीम लट्ठमार होली का मंचन किया।
इतनी बड़ी थी संस्था सृजन की फौज
युवाओ की टोली रनगाड़ो, ट्रैक्टर, मेटाडोर और डंपर पर जनता को भिगोते हुए चली। इस वर्ष गैर में 2 बैंड, 8 डीजे, 10 रनगाड़ो, 32 ट्रैक्टर, 5 मेटाडोर, 4 डंपर, 50 ढोलक, 8 पानी की मिसाइल, 5 गुलाल की मिसाइल, गुलाब के फूल उड़ाती 2 तोप ओर अन्य वाहनों द्वारा जनता को पानी फूल और गुलाल से सारोबार करती चली।
गेर के आयोजकों का पगड़ी पहनाकर किया स्वागत
खंडेलवाल ने बताया कि परंपरागत गेर को निकालने की शुरुआत से अभी तक सभी पुराने आयोजकों का गेर प्रारंभ होने के पूर्व मालवा की पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। गेर में राजनैतिक हस्तियों में सीएम मोहन यादव के साथ ही कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे, कृष्णमुरारी मोघे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, हरिनारायण यादव अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गेर में संत समाज से श्रीराम मंदिर पंचकुइया पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री रामगोपालदास महाराज, जनता को आशीर्वाद देते हुए होली की शुभकामनाएं देते चले। गेर को संचालित करने हेतु 25 समितियों के माध्यम से 450 कार्यकर्ताओं को जबाबदारी, सौंपी जिसने स्वच्छता की ओर ध्यान दिया।