दमोह। कलेक्टर सुधीर कोचर 1 अप्रैल को स्कूलों में प्रवेश उत्सव के मौके पर शहर के सरकारी शिवाजी प्राथमिक स्कूल पहुंचे। यहां अचानक उनके पहुंचने पर स्कूल के शिक्षक भी आश्चर्य में पड़ गए, हालांकि सभी शिक्षक प्रवेश उत्सव के पहले दिन स्कूल में समय पर पहुंच चुके थे, जिसे लेकर कलेक्टर ने खुशी जाहिर की।
इसके बाद कलेक्टर ने स्कूल के बच्चों से मुलाकात की, उनसे चर्चा की और उन्हें कुछ टिप्स भी दिए। पहली बार कक्षा पहली में प्रवेश लेने पहुंचे बच्चों को कलेक्टर ने कॉपी, पेंसिल और तिलक लगाकर मिठाई बांटी। कई बच्चों से उन्होंने दोस्त की तरह बातचीत की और उसके बाद सभी के साथ फोटो खिंचवाया।
कलेक्टर ने स्कूल के सभी शिक्षकों से कहा कि यह नन्हें मुन्ने बच्चे देश का भविष्य है। यह उनकी शिक्षा की पहली सीढ़ी है इसलिए इनकी नीव मजबूत होना चाहिए और यह काम आप सभी शिक्षक बेहतर ढंग से कर सकते हैं, इसलिए सभी इस बात का संकल्प लें कि भारत के इस भविष्य की नींव इतनी मजबूत करेंगे कि आने वाले समय में जब यह उच्च शिक्षा में पहुंचे तो उन्हें किसी भी तरह की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और सभी शिक्षा के क्षेत्र में अपना बेहतर प्रदर्शन कर देश के विकास में अपनी भागीदारी निभा सके।