रतलाम। जिले में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी की नई गाइडलाइन बढ़ जाएगी। इससे प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। नई गाइडलाइन लागू होने के पहले पुराने रेट पर ही रजिस्ट्री कराने वालों की भीड़ रजिस्ट्रार कार्यालय में रविवार को रही। छुट्टी होने के बावजूद रजिस्ट्रार कार्यालय खुले रहे। रतलाम शहर में ही रात 8.30 बजे तक 115 रजिस्ट्रियां हुई जो कि आम दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा है।
महलवाड़ा स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में सुबह से भीड़ रही। रतलाम के अलावा जावरा, आलोट में भी रजिस्ट्रियां कराने काफी संख्या में लोग आए। आम दिनों में रतलाम में 70 से 80 रजिस्ट्रिया प्रतिदिन होती है। लेकिन रविवार को सुबह से रात तक 115 रजिस्ट्रियां हुई। जावरा में 95 तो आलोट में 68 रजिस्ट्रियां हुई। बता दे कि जावरा व आलोट में सब रजिस्ट्रार कार्यालय है।
21 करोड़ से अधिक का मिला राजस्व
रजिस्ट्रार मोहम्मद युसूफ ने बताया रजिस्ट्रार कार्यालय ने 1 मार्च से लेकर 30 मार्च तक 20 करोड़ 10 लाख का राजस्व प्राप्त किया है। मार्च माह के आखरी दिन रविवार को करीब 1 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। हर माह रजिस्ट्री से विभाग को लगभग 12 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। नई गाइड लाइन लागू होने के कारण आम दिनों के मुकाबले रविवार को लोगों की भीड़ रही।
1471 लोकेशन की गाइड लाइन में बढ़ोत्तरी
1 अप्रैल से प्रॉपर्टी की नई गाइड लाइन लागू होगी। रतलाम शहर सहित जिले के 1471 लोकेशन (क्षेत्रों) में प्रॉपर्टी के दामों में 5 से 30 प्रतिशत की वृद्धि होगी। इसलिए रविवार को छुट्टी का दिन व मार्च माह का आखरी दिन होने के कारण पुरानी दरों पर रजिस्ट्रियां कराने वालों की भीड़ सुबह से रात तक रही।
सोमवार को नहीं होगी रजिस्ट्रियां
एक अप्रैल से नई गाइड लाइन लागू होने के कारण विभाग के संपदा साफ्टवेयर में भी बदलाव होगा। नई दरे अपलोड की जाएगी। इस कारण 1 अप्रैल को रजिस्ट्रियां नहीं होगी।