जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर आज अपने केन्द्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, लोकसभा प्रत्याशी आशीष दुबे, नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक सुशील तिवारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कार्यालय का उद्घाटन कर और जनता के आशीर्वाद से हमने जीत का शंखनाद कर दिया है। राकेश सिंह ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा एक ऐतिहासिक और प्रचंड जीत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद देश के प्रधानमंत्री के साथ है।
मंगलवार को जेपी नड्डा का जबलपुर दौरा
2 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आगमन हो रहा है। एक दिवसीय दौरे पर जेपी नड्डा के आगमन को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि उनके दौरे से न सिर्फ जबलपुर बल्कि समूचे महाकौशल के कार्यकर्ताओं को ऊर्जा मिलेगी। राकेश सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हम 29 में से 29 सीट जीत रहें है। लेकिन महाकौशल में प्रचंड जीत हो तो ऐसी ऊर्जा का शंखनाद करने के लिए जेपी नड्डा का आगमन 2 तारीख को हो रहा है। जिसमें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रबुद्धजन सम्मेलन में शिरकत करेंगे साथ ही बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी जेपी नड्डा मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस में मची हुई है भगदड़
कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने वाले नेताओं को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति बनी हुई है। जो भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन नहीं कर रहें है वो किसी न किसी रूप में मन मर कर कांग्रेस में है, उन्हें भी लग रहा है कि वो भाजपा के सदस्य बन जाए। राकेश सिंह ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा मोदीमय हो गई है। पूरी दुनिया नरेन्द्र मोदी को सबसे लोकप्रिय नेता मानती है। यही वजह है कि आज हर दल का नेता जो कि देश में विकास चाहता है, जिनमें शिष्टाचार है वो भाजपा में आना चाहता है।
दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर राकेश सिंह का निशाना
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एक बार फिर पदयात्रा कर रहे है। इस पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह की पदयात्रा तीव्र गति से होना चाहिए, पूरे मध्यप्रदेश में वो घूमें...एक कहावत है कि जहां-जहां कदम पड़े संतन के, तहां-तहां बंटाधार, तो दिग्विजय सिंह जहां-जहां जाएंगे वहां पर कांग्रेस की स्थिति बंटाधार जैसी होगी।