खरगोन। जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि, तुफान से प्रभावित हुई फसलों का मुआवजा किसानों को मिलने लगा है। गोगावां जनपद के ग्राम देवली के किसान दशरथ राठौड़ को भी 7 हजार 250 रुपए फसल नुकसानी राशि मिली है। लेकिन इस राशि से किसान संतुष्ट नही है। सोमवार को उक्त राशि लेकर किसान राठौड़ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां नायब तहसीलदार विजय उपाध्याय से मुलाकात कर शासन स्तर से मिली मुआवजा राशि पर असंतोष जताते हुए राशि लौटाने की बात कही, जिस पर नायब तहसीलदार ने उन्हें एसडीएम या कलेक्टर से मिलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई प्रावधान नही है जो किसानों को दी गई राहत राशि वापस लें।
राठौड़ ने नायब तहसीलदार को एक आवेदन भी दिया जिसमें उसने जिक्र किया कि उनकी 5 एकड़ कृषि भूमि है। 2 एकड़ रकबे में मक्का फसल लगाई थी, जो तुफान की चपेट में आने से नष्ट हो इ गई। उक्त फसल की बुआई सहित निंदाई, गुडाई, खाद, बीज, दवाई आदि रखरखाव में उसे करीब 40 हजार रुपए खर्च आया था, फसल भी पककर लगभग तैयार थी, जिससे उसे करीब डेढ़ लाख रुपए के उत्पादन की उम्मीद थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा से उन्हें यह नुकसान उठाना पड़ा। उनके खेत में समूची फसल को नुकसान पहुंचा, सर्वे में भी यही रिपोर्ट दर्ज की गई थी, इसके बावजूद महज कुछ हजार रुपए दिए गए जिसे में स्वैच्छा से सरकार को लौटाना चाहता हूं। हालांकि किसान से फिलहाल राशि वापस नही ली गई है।