सागर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को सागर प्रवास पर पहुंचे। उन्होंने मकरोनिया के रजाखेड़ी स्थित निजी मैरिज गार्डन में मीडिया से चर्चा की। कहा कि हिंदुओं के विकास की एजेंसी हमने तय की है एसडीओ (हनुमान चालीसा डेवलपमेंट ऑफिसर)। हम लोगों ने 1 दिसंबर से योजना बनाई। भारत के हर गांव हर शहर के कोने में हनुमान चालीसा केंद्र बनाना है।
आगे बताया कि हनुमान चालीसा केंद्र वहां के हिंदुओं की सुरक्षा, अनाज, इलाज समेत अन्य सुविधाएं दिलाएगा। महिला सुरक्षा ट्रेनिंग भी कराएगा। उन्होंने धार भोजशाला में चल रहे एएसआई सर्वे को लेकर कहा कि धार भोजशाला में सरस्वती माता का मंदिर ही है। सर्वे में यह सिद्ध होगा। हिंदुओं को वह स्थान सौंप देना चाहिए। भोजशाला हमारी थी।
प्रवीण तोगड़िया नाम के लिए नहीं निकला
अयोध्या में श्रीराम मंदिर ट्रस्ट में शामिल नहीं होने के सवाल पर डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि मैं नाम के लिए कभी नहीं निकला हूं। मैं सिर्फ हिंदुओं और हिंदुओं के गौरव के लिए निकला हूं। देश में हिंदुओं का गौरव बढ़ रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर बन गया, यही हमारा गौरव है।
उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ हिंदुओं के लिए लड़ रहा हूं। किसी दल के लिए न निकला था और न ही किसी दल के ऑफिस में गया हूं। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे।