उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के भक्त ने भगवान महाकालेश्वर को चांदी का मुकुट अर्पित किया है। चांदी के मुकुट का मूल्य आज के बाजार भाव से करीब तीन लाख रूपए बताया गया है। मंदिर समिति द्वारा दानदाता को भगवान महाकाल का प्रसाद व दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के कोठार शाखा के प्रभारी मनीष पांचाल ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को भगवान महाकाल के भक्त दिलीप सत्यनारायण सोनी द्वारा पुरोहित नवनीत शर्मा व रूपम शर्मा की प्रेरणा से 1 नग चांदी का मुकुट मय कुंडल भगवान महाकाल को अर्पित किया। दान में प्राप्त चांदी के मुकुट का कुल वजन 3102 ग्राम है। जिसका आज की स्थिति में बाजार मूल्य करीब तीन लाख रूपए बताया गया है। मंदिर समिति की ओर से सहायक प्रशासक प्रतीक द्विवेदी व दर्शन व्यवस्था प्रभारी राकेश श्रीवास्तव द्वारा मुकुट प्राप्त कर दानदाता को भगवान महाकाल का प्रसाद व दुपट्टा भेंट कर सम्मान कर दान में प्राप्त सामग्री की रसीद प्रदान की गई।