चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं पुलिस थाना मंडफिया ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर दो नाली बंदूक से फायरिंग का वीडियो पोस्ट कर वायरल करने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो नाली बंदूक जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने तथा अपराधियों का महिमामंडन करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी भदेसर विनोद कुमार लेखरा के पर्यवेक्षण में मंडफिया थानाधिकारी रविंद्र सेन के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
तकनीकी विश्लेषण से आरोपी तक पहुंची पुलिस-
डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सोशल मीडिया पर राहुल जाट नाम के व्यक्ति द्वारा बंदूक से फायरिंग करते हुए वीडियो पोस्ट किए जाने की सूचना मिली। शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण एवं निगरानी के आधार पर सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान की।
जांच में सामने आया कि 29 जुलाई 2026 को आरोपी ने दो नाली बंदूक से फायरिंग करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार पिता छोगालाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी भगवानपुरा आक्या, थाना मंडफिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से दो नाली बंदूक भी जब्त की गई।
आमजन से पुलिस की अपील-
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन अथवा ऐसी भ्रामक सामग्री पोस्ट या प्रसारित न करें, जिससे अपराधियों का महिमामंडन हो या आमजन में भय एवं दहशत का माहौल उत्पन्न हो। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम- मंडफिया थाना टीम में थानाधिकारी रविंद्र सेन, एएसआई कालू सिंह एवं कांस्टेबल महेंद्र कुमार तथा डीएसटी टीम में प्रभारी एएसआई सूरज कुमार, एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, रामकेश, देवेंद्र, सुरेश, वीरेंद्र एवं जगदीश शामिल रहे।