मनासा। नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मनासा क्षेत्र के एक व्यक्ति की कथित नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तारी चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार विंग की कार्रवाई के दौरान चपलाना निवासी ईश्वर राठौर को नशे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राजनीतिक लोगों से नजदीकियों की चर्चाएं-
आरोपी की कुछ राजनीतिक लोगों से कथित नजदीकियों को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं हैं। सोशल मीडिया पर विधायक के साथ आरोपी की कुछ तस्वीरें वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि, केवल तस्वीरों के आधार पर किसी राजनीतिक संबंध या संरक्षण की पुष्टि नहीं की जा सकती।
बरामदगी की मात्रा को लेकर अलग-अलग दावे
सूत्रों के अनुसार कथित रूप से नशीला पदार्थ मनासा क्षेत्र के बड़कुआं इलाके से लाए जाने की चर्चा है। कार्रवाई के बाद बरामद माल की मात्रा को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। एक ओर करीब 45 किलो की बरामदगी की चर्चा है, वहीं कुछ लोगों द्वारा मात्रा दो क्विंटल से अधिक होने का दावा किया जा रहा है। इन दावों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
देर रात अस्पताल में कराया भर्ती-
कार्रवाई के बाद आरोपी को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराने के कारण और उसकी मेडिकल स्थिति के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार-
मामले में पुलिस की कार्रवाई, बरामदगी की मात्रा और कार्रवाई के स्थान को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हैं। पुलिस की ओर से अधिकृत प्रेस नोट या बयान सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी के पास से कितना नशीला पदार्थ बरामद हुआ, बरामदगी कहां से हुई और मामले में आगे क्या कार्रवाई की गई।
फिलहाल आरोपी के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी है। पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।