प्रतापगढ़। प्रतापगढ़-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-56 स्थित भूतियावाड़ घाटी में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारावरदा क्षेत्र में नर्सरी के पास सूरत से चित्तौड़गढ़ जा रही राजस्थान रोडवेज की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना में करीब 10 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही धमोतर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी घीसूलाल तेली पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। यात्रियों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार जारी है।
चालक ने बताया- ब्रेक चिपकने से बिगड़ा संतुलन
बस चालक जगदीश खटीक के सिर में भी चोट लगी है और उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चालक के अनुसार चित्तौड़गढ़ की ओर जाते समय अचानक बस के ब्रेक चिपक गए, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और घूमते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हालांकि, एक घायल यात्री ने बताया कि सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया। हादसे के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।
भूतियावाड़ घाटी को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताया-
ग्रामीणों के अनुसार भूतियावाड़ घाटी लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बनी हुई है। यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
गति अवरोधक हटने के बाद बढ़ा हादसों का खतरा-
ग्रामीणों का आरोप है कि घाटी में पहले मौजूद गति अवरोधक को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा हटा दिया गया। इसके बाद वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दख सहित संबंधित अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत कराने की बात कही।
सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग-
ग्रामीणों ने भूतियावाड़ घाटी में आवश्यकतानुसार गति अवरोधक बनाने, चेतावनी एवं दिशा-सूचक संकेतक लगाने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में यहां बड़ा हादसा हो सकता है।