नीमच। सावन सोमवार के अवसर पर श्रीराम मंदिर में शिव और राम भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित सावन उत्सव के दूसरे सोमवार पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बाबा महेश्वर महादेव का फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। वहीं श्रीराम दरबार और चारभुजा नाथ के आकर्षक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
शिव-पार्वती की झांकी रही आकर्षण का केंद्र-
आयोजन का विशेष आकर्षण भगवान शिव-पार्वती की भांग घोटने की सुंदर चलचित्र झांकी रही। धार्मिक भावनाओं को जीवंत करती इस झांकी और फूलों से सजे महादेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘भोलेनाथ की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।
महाआरती के बाद हुआ प्रसाद वितरण-
शाम 7 बजे भगवान महादेव की विधिवत महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आरती के बाद सभी भक्तों को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया। परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आयोजन में सहभागिता निभाई।
माहेश्वरी समाज अध्यक्ष सत्यनारायण जागेटिया एवं मीडिया प्रभारी ललित कुमार राठी ने बताया कि सावन उत्सव के माध्यम से समाज की धार्मिक परंपराओं और सामूहिक आस्था को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी संदेश दिया।