कुकड़ेश्वर। सावन माह के दूसरे सोमवार को नगर कुकड़ेश्वर स्थित प्रसिद्ध श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक जारी रही। दिनभर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।
सावन सोमवार के अवसर पर कुकड़ेश्वर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में कांवड़िए पवित्र जल लेकर पहुंचे। कांवड़ यात्रियों ने ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ नाचते-गाते हुए नगर में प्रवेश किया और श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से अभिषेक किया।
कांवड़ियों का जगह-जगह हुआ स्वागत-
कांवड़ यात्रियों के नगर में पहुंचते ही पूरा वातावरण शिवमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया। मंदिर में सुबह से ही अभिषेक, पूजन और विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की कतारें-
सावन के दूसरे सोमवार को कुकड़ेश्वर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।
भव्य महाआरती के बाद महाप्रसादी-
संध्या समय श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव की भव्य महाआरती आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव की आराधना की। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
सावन के दूसरे सोमवार को कुकड़ेश्वर में दिनभर भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। कांवड़ यात्रा, शिवभक्तों के जयकारों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा नगर शिवमय नजर आया।