भाटखेड़ी। सावन के पावन अवसर पर सोमवार को ग्राम भाटखेड़ी में बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच निकली सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्री शेषावतार मंदिर परिसर स्थित महादेव मंदिर परिसर से शुरू हुई बाबा महाकाल की शाही सवारी का नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डीजे और ढोल की धुन पर युवा युवतियां जमकर नाचे और झूमते नजर आए। वहीं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भक्ति गीतों पर आनंद लिया।
बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हर-हर महादेव और बाबा महाकाल के जयकारों से पूरा ग्राम भाटखेड़ी गूंज उठा। सवारी के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शाही सवारी के दौरान गांव की गलियों में जगह-जगह धार्मिक एवं उत्सवी माहौल दिखाई दिया। युवाओं, महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह रहा। रिमझिम बारिश और भक्ति के रंग में रंगी यह शाही सवारी ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
’हर-हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा महाकाल की शाही सवारी का पुनः मंदिर परिसर में पहुंच समापन हुआ।