मनासा। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को मनासा विकासखंड के ग्राम नलखेड़ा एवं आसपास के गांवों से श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा निकाली गई। ग्राम नलखेड़ा से शुरू हुई यह पांचवीं कांवड़ यात्रा नीमच तहसील स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची, जहां कांवड़ियों ने पवित्र जल से भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा से पूर्व ग्राम के महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ रवाना हुए। यात्रा अचलपुरा, जालीनेर, सावन, जवासा और बोरखेड़ी होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचने पर कांवड़ियों ने कांवड़ में लाए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
श्रावण सोमवार के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। नीलकंठ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। महिलाओं ने विशेष पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।