मंदसौर। शहर सहित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 484वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। राजपूत समाज ने महाराणा प्रताप के युद्ध में सहयोग करने वाले समाज को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया था। सुबह महाराणा प्रताप चौराहा पर राजपूत सर्व समाज की तरफ से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
वहीं गाड़ी लोहार समाज के बंधुओं का सम्मान किया गया। महाराणा प्रताप की पूजा आरती के बाद तिरंगा व केसरिया ध्वजा के साथ शौर्य यात्रा निकाली गई। जय भवानी, जय शिवाजी... जय महाराणा प्रताप के उद्घोष के साथ समाज के महिला पुरुष,बुजुर्ग, युवा, बच्चे इस शौर्य यात्रा में शामिल हुए।
शौर्य यात्रा महाराणा प्रताप चौराहा से शुरू हुई जो गोल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टेण्ड, भारत माता चौराहा हुए वापस महाराणा प्रताप चौराहा पहुंची। जहां शौर्य यात्रा का समापन हुआ। यहां समाज की ओर से कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें समाज के महिला पुरुष के साथ ही महाराणा प्रताप का सहयोग करने वाले समाज के युवाओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में राजपूत सर्वसमाज के महिला पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए।