नीमच। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने आज नीमच के कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शासकीय मेडिकल कॉलेज नीमच में पूर्व सैनिकों को भर्ती करने बाबत कलेक्टर के नाम एक आवेदन दिया। आवेदन में कहा गया है कि पूर्व सैनिक सेवा परिषद नीमच के सदस्य प्रशासनिक कार्य में बढ़-चढ़कर सेवाएं देते हैं। प्रशासन द्वारा भी समय-समय पर सैनिकों की सहायता और सम्मान दिया जाता है। आवेदन में कहा गया है कि मेडिकल कॉलेज का कार्य अपने अंतिम चरण में है। मेडिकल कॉलेज में पूर्व सैनिकों को योग्यता के अनुसार कार्य दिया जाए।
पूर्व सैनिकों का कहना है कि 35-36 वर्ष की आयु में सेवानिवृत होने के बाद हम बेरोजगार हैं। हमें मेडिकल कॉलेज में गार्ड, सुपरवाइजर, एडमिनिस्ट्रेशन, कंप्यूटर ऑपरेटर और एचआर मैनेजर आदि काम आवश्यकता अनुसार सौंपे जाए। ताकि पूर्व सैनिक अपने परिवार का भरण पोषण सुचारू रूप से कर सके।