नीमच। एक तरफ तो गांव के लिए घर-घर पानी पहुंचाने की बात का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ नीमच जिले के थड़ोली गांव की बात करें तो ग्रामीण दो दो किलोमीटर दूर से पानी लाने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हमारे गांव में पिछले 15 वर्षों से नल जल योजना अंतर्गत पानी सप्लाई किया जा रहा था। लेकिन पिछले दिनों केंद्र की योजना के अंतर्गत नई पाइप लाइन डाली जा रही है। जिसके चलते पुरानी पाइप लाइन को उखाड़ दिया गया है। जिस वजह से पिछले आठ माह से पानी की सप्लाई बंद हो गई है। गांव वासियों का कहना है कि हमें अधिकारियों द्वारा यह बताया गया है कि अभी नई पाइप लाइन से पानी सप्लाई होने में 2 वर्ष का समय और लगेगा। ऐसे में गांववासी पानी के लिए परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से नई पाइप लाइन को स्थाई रूप से गांव में स्थित सार्वजनिक कुएं से जोड़ने की मांग की है।