मनासा। जिला कलेक्टर दिनेश जैन ने शुक्रवार को मनासा के पुलिस कॉलोनी रोड पर स्थित शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में कई कमियां पाई गई, जिसमें बरसात के दिनों में पूरे छात्रावास की जगह जगह से छत टपकना, जगह गंदगी की भरमार, कमरे हाल में खिड़कियों की जगह पर्दे, गंदे बिस्तर, वहीं दिवालों पर अभी भी वर्ष 2018 के मेन्यू लगे हुए है। जिला कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षक रामप्रसाद धनोतिया को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार करवाने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस कॉलोनी रोड स्थित कई कॉलोनी में रहवासियों ने जिला कलेक्टर को शिकायत की। रहवासियों ने बताया कि पिछले कई सालों से हम लोग इन कालोनियों में रह रहे हैं। नगर परिषद द्वारा अभी तक इन कॉलोनी में कोई मूलभूत सुविधा नहीं मिली है। प्रति 5 साल में चुनाव के समय चुनावी नेता और वार्ड पार्षद आते हैं और बड़े-बड़े वादे करके जाते हैं। चुनाव निपटने के बाद वापस लौटकर नहीं देखते हैं। ऐसे में रहवासी सड़क, बिजली और पानी की सुविधा से वंचित है।