नीमच। शहर में जारोली ट्रेड सेंटर को सील करने की कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन की ओर से एसडीम ममता खेड़े ने नीमच के उन शॉपिंग काम्पलेक्स और दुकानों का आज ताबड़तोड़ निरीक्षण किया, जहां बेसमेंट बने हुए हैं और उसमें दुकाने संचालित की जा रही है। बेसमेंट में संचालित इन दुकानों को तुरंत बंद करने के मौखिक आदेश दिए। प्रशासन ने यहां सुरक्षा की जांच कराने की बात कही।
दरअसल दिल्ली में हुए हादसों के बाद जन सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन और नगरपालिका ने यह कार्रवाई की है। एसडीम ममता खेड़े, सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ अपने अमले के साथ कमल चौक स्थित श्रीनाथ काम्पलेक्स,फोर ज़ीरो के सामने वर्मा काम्पलेक्स, दशहरा मैदान के सामने नरेड़ी काम्पलेक्स, रतन स्वीट्स आदि जगहों पर पहुंचकर बेसमेंट में जाकर निरीक्षण किया और वहां संचालित दुकान, गोदाम और अन्य गतिविधियों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया। प्रशासन का मानना है कि बेसमेंट में दुकानें बिना अनुमति के निर्मित की गई है। पार्किंग के दृष्टिकोण से बेसमेंट बनाए गए हैं और यहां व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही है। यहां सवाल उठता है कि जब इन बेसमेंट में बिना अनुमति के अवैध निर्माण हो रहा था,तब नगर पालिका क्या कर रही थी। इस पूरे मामले पर एसडीम ममता खेड़े का कहना है कि अनुमति के विरुद्ध जहां निर्माण कार्य किया गया है, उसकी जांच करके उसे पुनः उसी रूप में लाएंगे जिसके लिए निर्माण की अनुमति दी गई थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिना अनुमति के जिन्होंने निर्माण किया है उनके विरुद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। सुरक्षा को खतरे में डालने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।