सीहोर। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने जिले में लगातार हो रही वर्षा के दौरान अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज कलेक्टर सभाकक्ष में राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर जिले में हो रही बारिश से उत्पन्न स्थिति के बारे में अनुभागवार जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर सिंह ने कहा कि हमारे लिए प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सर्वाेपरि है। इस वजह से सभी अधिकारी सजग रहें और पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। लगातार हो रही मानसून की बारिश से जिले में नदी, नालो और निचले स्थानों में जल भराव हो रहा है।
कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे स्थान जहां पुल के ऊपर पानी बह रहा हो तो वहां नागरिकों को नहीं जाना चाहिए। सभी जिला अधिकारी एवं मैदानी अमला सजग रहे और बांधों के गेट खुलने की स्थिति में सतर्क रहें। जो क्षेत्र जलमग्न हो सकते हैं, वहां आवश्यक सावधानी रखी जाए ताकि किसी तरह की कोई हानि नहीं हो।
जर्जर मकानों को गिराने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर सिंह ने दुर्घटना की संभावना को ध्यान मे रखते हुए सभी राजस्व अधिकारी एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए हैं, कि जर्जर मकानों को चिन्हित कर उन्हे खाली कराकर ध्वस्त किया जाए। कलेक्टर सिंह ने डीईओ तथा डीपीसी को निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में स्कूल नहीं लगाए। यदि कोई भवन जर्जर है या सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त नहीं हो तो अन्य भवन में स्कूल शिफ्ट किया जाए। साथ ही जर्जर पानी की टंकियों को भी ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए।
उप यंत्री को निलंबित करने के निर्देश
अति वर्षा से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर सिंह ने इछावर क्षेत्र में पदस्थ लोक निर्माण विभाग के उप यंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूरा प्रशासन अति वर्षा को लेकर अलर्ट है ऐसे में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रीवास्तव अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित नहीं थे।