नीमच। जिले के सरकारी स्कूल के विद्यार्थी अब निजी स्कूल के छात्रों की तरह बेंच पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। यह सौगात संभव हुई है नीमच जिले के कलेक्टर दिनेश जैन की सोच और सोहनलाल धानुका फाउंडेशन, रोटरी क्लब और अन्य दानदाताओं के सहयोग से। नीमच ब्लाक के शासकीय स्कूलों में टाटपट्टी से बेंच तक का मिशन शत प्रतिशत सार्थक हो गया है। आज मिशन बेंचमार्क पर एक गरिमामय कार्यक्रम नीमच के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित उज्जैन संभाग के कमिश्नर संजय गुप्ता ने धानुका फाउंडेशन और कलेक्टर दिनेश जैन के अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा दान सबसे बड़ा दान है। उन्होंने चार स्कूलों के लिए अपनी ओर से बेंच देने की भी घोषणा की। गरिमामय समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिनेश जैन ने बताया कि जिले के 1100 सरकारी स्कूलों में मिशन बेंचमार्क को शत प्रतिशत अमली जामा पहनाया जा रहा है।अब नीमच ब्लॉक के 300 स्कूलों में 4000 बेंच पर विद्यार्थी सम्मान से शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध उद्योगपति और धानुका फाउंडेशन के अध्यक्ष कैलाश धानुका ने कहा कि कलेक्टर साहब ने हमारे छोटे से विचार को मिशन में तब्दील कर दिया। नीमच के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रशासन और पुलिस की बेहतरीन टीम इस समय यहां मौजूद है,जो सामाजिक मिशन के कार्यों को भी अंजाम दे रही है। कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती पूजा और वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर सीएम राइज़ के बच्चों द्वारा मिशन बेंचमार्क की कहानी पर एक लघु नाटिका और स्कूल चले हम गीत पर बेहतरीन प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में कैलाश धानुका,सुनील धानुका का अभिनंदन पत्र देकर मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। उल्लेखनीय है कि इस पूरे मिशन में नीमच जिले के लिए करीब 5 से 6 करोड रुपए की लागत आ रही है। कार्यक्रम को नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और एसपी अंकित जायसवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, सीईओ गुरुप्रसाद, एडीएम लक्ष्मी गामड़, एसडीम ममता खेड़े, सुनील धानुका, कुणाल धानुका, डिप्टी कलेक्टर किरण अंजना जिला शिक्षा अधिकारी सी के शर्मा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर ने किया।