नीमच। शहर की बोहरा कॉलोनी में 3 और 4 अगस्त की मध्य रात्रि में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। आज घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पहुंचकर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, थाना प्रभारी सौरभ शर्मा और पुलिस की टीम ने घटनास्थल और आसपास का मुआयना किया। उन्होंने यहां समस्त तथ्यों से अवगत होकर आवश्यक निर्देश दिए।
वॉइस ऑफ़ एमपी की टीम से खास चर्चा में एडिशनल एसपी ने कहा कि मुस्तफा के घर हुई चोरी की घटना का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। सभी साक्ष्य और तथ्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें लगाई गई है। घटना का खुलासा करने की कोशिश जारी है।
बताते चलें कि स्कीम नंबर 36 बी स्थित बोहरा कॉलोनी में शनिवार रविवार की रात 2 बजे करीब चोरी की वारदात हुई थी। इसमें मुस्तफा टीन वाला के बंद पड़े मकान से चड्डी बनियान धारी गिरोह के सदस्य करीब 25 लाख रुपए के आभूषण और नगदी चुराकर ले जाने में सफल रहे थे। इसके फुटेज भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटना से कॉलोनी के रहवासियों में भय का वातावरण पैदा हो गया है। इसी सिलसिले में कल थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गहनता से सभी तथ्यों की जांच की थी।