मनासा। बीते दिनों राजस्थान की बिजोलिया थाना पुलिस ने चोरी के मामले में राजकुमार बांछड़ा गैंग के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी नीमच जिले के मनासा व कुकडेश्वर थाना क्षेत्र के निवासी थे। आरोपियों से पूछताछ के बाद बांछड़ा गैंग की निशानदेही पर बिजोलिया पुलिस ने मनासा क्षेत्र में दबिश दी, लेकिन चोरी का माल खरीदने वाला सर्राफा कारोबारी अशोक और कुकड़ेश्वर के दो व्यापारी सर्राफा कारोबारी गायब मिले।
उल्लेखनीय है कि चित्तौडगढ जिले के बिजोलिया कस्बे में कैलाश खटीक के घर 16 जुलाई की रात्रि में हथियारबंद बदमाश घुस गए थे और बंदूक की नोक पर नकदी और आभूषण समेत लाखों रूपए की चोरी को अंजाम दे गए थे। मामले में पुलिस ने पड़ताल के बाद वारदात को अंजाम देने वाली राजकुमार बाछड़ा गैंग भीमा पिता बसंतीलाल बांछड़ा 30 वर्ष, मोहित पिता अनिल बांछड़ा 25 वर्ष निवासी हाड़ी पिपलिया थाना मनासा, पप्पू कुमार पिता राजेन्द्रकुमार बांछड़ा 28 वर्ष निवासी ग्राम तलाऊ थाना कुकडेश्वर, अजय पिता राजू बांछड़ा 29 वर्ष निवासी ग्राम मोया थाना कुकडेश्वर, ईश्वरदास पिता रामदास बैरागी 40 वर्ष ग्राम मोया कुकडेश्वर, राजकुमार पिता रामप्रसाद बांछड़ा 37 वर्ष निवासी मोया थाना कुकडेश्वर व राहुल पिता शंकर बांछडा 25 वर्ष जैतपुरा थाना नीमच सिटी जिला नीमच मप्र को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से वारदात को अंजाम देने में उपयोग किए गए हथियार और दो कार जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की 100 से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के करीब 7 दिन बाद बिजोलिया पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम हाड़ी पिपलिया व मनासा में दबिश दी। इस दौरान ग्राम हाड़ी पिपलिया में आरोपियों के घर से चोरी का कुछ माल बरामद किया गया है। इसके बाद बिजोलिया पुलिस ने मनासा के एक और कुकड़ेश्वर के दो सर्राफा कारोबारियों की दुकान पर भी दबिश दी। लेकिन संबंधित कारोबारी पुलिस के आने की भनक लगते ही गायब हो गए।
बिजोलिया पुलिस सूत्रों के अनुसार संबंधित कारोबारी ने बदमाशों से चोरी के आभूषण खरीदे थे। बिजोलिया पुलिस के मनासा पहुंचने की पुष्टि करते हुए एसडीएमओ विमलेश उईके ने बताया था कि बिजोलिया पुलिस टीम मनासा आई थी। सहयोग के लिए मनासा पुलिस के दो जवान साथ भेजे गए थे।