सिंगरौली। वैढन में गनियारी व्यवसायिक प्लाजा के जर्जर हालत को देख अल्टीमेटम दिए जाने के बाद बुधवार को शाम 4 बजे से दुकानों को सील कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में करीब 4 करोड़ रुपए के अधिक लागत से गनियारी अंबेडकर चौक में व्यवसायिक प्लाजा का निर्माण कराया गया था।
पिछले दिनों सागर जिले के शाहपुर में मंदिर परिसर में दिवार गिरने से 9 बच्चों की हुई मौत के बाद प्रदेश सरकार जर्जर भवनों को खाली कराकर जमींदोज कराने के निर्देश दे दिए हैं। किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसके मद्दे नजर सुरक्षा के लिहाज से व्यवसायिक प्लाजा को खाली कराने के लिए निगमायुक्त सक्रिय हो गए।
बुधवार सुबह से ही प्लाजा के सामने प्रवेश द्वार पर सार्वजनिक सूचना का प्लैक्सी नगर निगम ने लगा दिया। व्यवसाय करने वाले समस्त व्यवसायिकों को नोटिस दी जा चुकी है और उनके दुकानों को तत्काल निरस्त करने के लिए सूचित कर दिया गया है। साथ ही प्लाजा में आमजन का प्रवेश भी तत्काल प्रभाव से निषेधित किया है।
व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि साहब इस भरी बारिश में चिड़ियों के घोंसले को भी नहीं उजाड़ते। हम लोग कहा जाएं। दुकान के इतनी सामग्रियों को कहा रखे। जगह भी नहीं है और इतना जल्दी शिफ्ट भी नहीं कर सकते। प्लाजा की गुणवत्ता बेहद खराब है। इसको नकारा नहीं जा सकता। इसमें व्यापारियों की क्या गलती है। जिसकी सजा सैकड़ों व्यापारियों को मिल रही है।
गुणवत्ता विहीन कार्य हुआ है तो उस दौरान ननि में पदस्थ अधिकारियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध हो और लागत से लेकर हम लोग के नुकसानी तक का भी राशि वसूल की जाए। साथ में उनकी भी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई हो। तभी भ्रष्टाचारियों की आंखे खुलेगी।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि इस पर भी चर्चाएं हो रही है। आगे बड़ी कार्रवाई होगी। आप सब इंतजार कीजिए। व्यवस्थाओं को थोड़ा वक्त लगता है। इस कार्रवाई में एसडीएम सृजन वर्मा, आयुक्त डीके शर्मा, उपायुक्त आरपी बैस, कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय, टीआई अशोक सिंह, उपयंत्री एसएन द्विवेदी एवं भारी संख्या में ननि का स्टाफ व पुलिस बल मौजूद रहा।