हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरुवार को एसपी अभिनव चौकसे के साथ शहर में बाढ़ संभावित क्षेत्र में स्थित निचली बस्तियों का दौरा किया। इस अवसर पर एसडीएम कुमार शानु देवड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर सिंह ने इस दौरान जत्रा पड़ाव, बंगाली कॉलोनी और अजनाल नदी के तट से लगे क्षेत्र का भ्रमण किया।
उन्होंने नगर पालिका सीएमओ कमलेश पाटीदार को निर्देश दिए कि निचली बस्तियों में रहने वाले परिवारों का सर्वे करा लें कि अति वर्षा की स्थिति में बाढ़ का पानी कहां तक आता है और कितने परिवारों को बाढ़ से बचाने के लिए अन्य शिफ्ट करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इन परिवारों को कहां शिफ्ट किया जाएगा, उन स्थानों को भी अभी से चिह्नित कर लें और वहां पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। ताकि अचानक वर्षा से नदी में पानी बढ़ने पर परिवारों को तुरन्त विस्थापित किया जा सके। कलेक्टर सिंह ने इस दौरान निर्देश दिए कि गुप्तेश्वर मंदिर के पास अजनाल नदी पर स्थित पुल से दो पहियां वाहनों का आवागमन बंद कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस पुल से केवल पैदल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को ही आवागमन की अनुमति दी जाए। उन्होंने सीएमओ पाटीदार को निर्देश दिए कि वार्डों का भ्रमण कर जर्जर हो चुके, ऐसे भवन चिह्नित कर लें, जो कि अतिवर्षा की स्थिति में गिर सकते हैं, ऐसे भवनों में रहने वाले परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट होने के लिये प्रेरित करें।
24 घंटों में जिले में 20.2 मिमी औसत वर्षा
जिले में गत चौबीस घंटों में 20.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया चौबीस घंटे में हरदा तहसील में 23.4 मि.मी., टिमरनी में 45.2 मि.मी., खिरकिया में 1.4 मि.मी., रहटगांव में 18 मि.मी. व सिराली में 13 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।
इस वर्ष अब तक जिले में 579 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 631.2 मि.मी., टिमरनी में 487.8 मि.मी., खिरकिया में 530 मि.मी., रहटगांव में 622 मि.मी. व सिराली में 624.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गत वर्ष की 8 अगस्त तक 646.8 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी थी।