इंदौर। एकल श्री हरि सत्संग समिति के तत्वावधान में 9 अगस्त को रवीन्द्र नाट्य गृह में शाम 7 बजे से एकल सुरताल का रंगारंग आयोजन होगा। इस आयोजन में अमेरिका सहित विभिन्न देशों में अपनी सांस्कृतिक और प्रभावी प्रस्तुतियां देने वाले करीब 60 ऐसे कलाकार मंच से अपने गायन, वादन, अभिनय की प्रभावी प्रस्तुतियां देंगे, जिनका चयन देश के ठेठ दूरदराज के गांवों से किया गया है। इन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से देश-विदेश के लाखों दर्शकों को भाव विभोर किया है।
श्री हरि सत्संग समिति इंदौर की अध्यक्ष कमल राठी एवं सचिव रेखा काकाणी ने बताया कि समिति के संरक्षक रामविलास राठी एवं वनबंधु परिषद इंदौर के अध्यक्ष राम अवतार जाजू के मार्गदर्शन में आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाशदृआशा विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र-जूही भार्गव, पद्मभूषण सुमित्रा ताई महाजन, समाजसेवी विनोद दृनीना अग्रवाल, नीति- पुनीत अग्रवाल एवं पवनदृनिधि सिंघानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होकर इन कलाकारों का उत्साहवर्धन करेंगे। समूचे आयोजन को ‘एकल सुरताल’ और ‘भारत के रंग एकल के संग’ नाम दिया गया है। करुणा ठाकुर के नेतृत्व में इन कलाकारों का समूह 9 अगस्त को इंदौर आ रहा है। कार्यक्रम की संयोजक अंशु अग्रवाल, सोनाली गुप्ता, संध्या गंगरानी एवं अंजू गुप्ता हैं। कार्यक्रम आमंत्रितों के लिए है।