नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अमर शहीद मेघराज सैनी को आज उनकी शहादत दिवस पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर बलिदान को नमन कर याद किया गया। देश के अमर वीर शहीदों के आत्म-बलिदान को नमन कर कृतज्ञता प्रकट करना तथा उनके परिजनों को सर्वाेपरि सम्मान देना, प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वीरों के बलिदान में परिवार का अति महत्वपूर्ण योगदान होता है। कर्तव्य की बलि वेदी पर अपने प्राणों को सर्वस्व न्यौछावर करने वाले नीमच शहर के निवासी सीआरपीएफ के अमर वीर बलिदानी लांस नायक मेघराज सैनी ने वर्ष 1991 में 75वीं बटालियन में तैनाती के दौरान आज ही के दिन 1990 के दशक में जब पंजाब में अपने प्राणों की आहुति दी थी।तब पंजाब में आतंकवाद अपने चरम पर था, वहां तरनतारन में आतंकवादियों से डटकर मुकाबला करते हुए माँ भारती की सेवा में वीर मेघराज सैनी ने अपने प्राणों को आहुति दी थी।
आज इसी कड़ी में सीआरपीएफ नीमच के डीआईजी एस.एल.सी खुप के मार्गदर्शन,उप कमांडेंट देवेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व और नोडल ऑफिसर निरीक्षक गोपीलाल की देखरेख में सीआरपीएफ ने वीर बलिदानी के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2. नीमच में शहीद के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया।
बताते चले कि शहीद मेघराज सैनी ने नीमच शहर के इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की थी। इस मौके पर नीमच के जिला कलेक्टर दिनेश जैन, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, विद्यालय के प्राचार्य राधेश्याम धाकड़ विद्यालय का स्टाफ, विद्यार्थी, नीमच शहर के गणमान्य नागरिक और परिजन की मौजूद रहे। उपस्थितजनों द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण कर वीर सपूत मेघराज सैनी की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई। उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना एवं शहीद के परिजनों के प्रति अपनत्व एवं कृतज्ञता प्रकट की गई। उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि उनके हरेक सुख-दुख में सीआरपीएफ सदैव उनके साथ खड़ी है।