खरगोन। सरल और सहज तरीके से सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत 14 सितंबर को आयोजित होगी। इसमें अधिक संख्या में आपसी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हो सके, इसके लिए जिला सत्र न्यायाधीश जीसी मिश्रा ने बुधवार को बैठक आहुत की। इसमें 8 खंडपीठों के न्यायाधीश शामिल हुए। श्री शर्मा ने बैठक में कहा कि छोटे लेन-देन के चेक प्रकरणों को प्रमुखता से रखें, जिससे इनका निपटारा हो सके। इसके अलावा राजीनामा योग्य लंबित अथवा प्रीलिटिगेशन प्रकरण में वादी- प्रतिवादी अपने प्रकरणों का निपटारा कर सकें, इसके प्रयास करें। श्री मिश्रा ने बताया कि नेशनल लोक अदालत का उद्देश्य त्वरित एवं सुलभ न्याय आमजन को उपलब्ध कराना है। इससे न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की पेंडेंसी भी कम होती है। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकार के राजीनामा योग्य प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में निराकरण के लिए रखा जाएगा। उन्होंने अधिवक्तागणों के साथ ही वादी- प्रतिवादियों से अपील की है कि नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान कर इसका लाभ उठाएं।