कटनी। भाजपा कार्यालय में गुरुवार को भाजपा नेता डॉ. विनोद मिश्रा ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के आम बजट को विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने वाला सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी और विकासोन्मुखी लक्ष्य के साथ हर वर्ग के उत्थान वाला बताया।
भाजपा नेता डॉ. विनोद मिश्रा ने कहा कि यह मोदी सरकार का नया बजट देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की पूर्ति करने वाला बजट है। विपक्ष सिर्फ झूठ, छल-कपट की नकारात्मक राजनीति करता है। वास्तव में मोदी सरकार का बजट सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुख है।
उन्होंने कहा कि बीते दस सालों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है। केन्द्र सरकार ने हर समाज, हर वर्ग के लिए काम किया है और वर्तमान बजट भी 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला और अमृतकाल की संकल्पनाओं को सिद्ध करने वाला बजट है।
पत्रकार वार्ता के दौरान जिला महामंत्री सुनील उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष चेतन हिंदूजा, पूर्व मंत्री अलका जैन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, कार्यालय मंत्री अम्बरीष वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी, आशुतोष शुक्ला, सचिन तिवारी मौजूद रहे।